थाइलैंड, मलयेशिया होकर दिल्ली लौटा तो पता चला, कोरोना है

लौटा दिल्ली में कोरोना का तीसरा मामला -


विशेष संवाददाता, नई दिल्ली: दिल्ली में कोरोना का तीसरा मामला शुक्रवार को सामने आया। इसके बाद देश में इस वायरस से प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर 31 हो गई। यह वायरस पड़ोसी मुल्क भूटान भी पहुंच गया, जहां अमेरिकी टूरिस्ट इस बीमारी का शिकार मिला। वह भारत से होते हुए भूटान पहुंचा था। बीमारी के फैलाव को देखते हुए केंद्र और दिल्ली सरकार ने कई ऐहतियाती उपाय किए हैं। __ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दिल्ली का तीसरा मरीज 25 वर्षीय युवक है, जो वेस्ट दिल्ली के उत्तम नगर का रहने वाला है। उसने थाइलैंड और मलयेशिया की यात्रा की थी। वह गुड़गांव के उद्योग विहार स्थित एक कंपनी में काम करता है। इलाज के लिए उसे सफदरजंग अस्पताल में रखा गया है, जहां हालत स्थिर है। उसके परिवार के 7 लोगों- पत्नी, माता-पिता, भाई-भाभी और उनके दो बच्चों को घर में ही अलग रखा गया है। जांच के लिए इनके भी सैंपल भेजे गए हैं। शनिवार को कंपनी के लोगों की जांच होगी। दिल्ली के सभी स्कूलों में सुबह की असेंबली और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। साउथ-वेस्ट दिल्ली के सभी अस्पतालों में 10% बेड कोरोना मरीजों के लिए रिजर्व रखने को कहा गया है। सेना ने अपने स्टेशनों में होली जैसे त्योहार और अन्य समारोह रोक दिए हैं।